![]()
मुजफ्फरपुर के जैतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक ट्रक के पलटते ही शराब तस्करी का बड़ा खेल सामने आ गया। एनएच-722 पर पोखरैरा टोल प्लाजा के समीप सड़क किनारे पलटे ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लदी थी। ट्रक पलटने की खबर फैलते ही आसपास के लोग शराब लूटने के लिए मौके पर पहुंच गए। हालांकि सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद अधिकांश लोग वहां से भाग निकले। पुलिस को आशंका है कि उसके पहुंचने से पहले कुछ शराब की लूट भी हुई है। मौका पाकर चालक-खलासी फरार हो गए। हादसे ने खोल दी तस्करी की पोल शुक्रवार शाम एनएच-722 पर पोखरैरा टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद जब ट्रक का सामान बिखरने लगा तो उसमें विदेशी शराब की पेटियां देख लोग मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते शराब लूटने वालों की भीड़ लग गई। पुलिस पहुंची तो मच गई भगदड़ घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही शराब लेकर भाग रहे लोग इधर-उधर फरार हो गए। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ लोग शराब की पेटियां लेकर निकलने में सफल रहे। चालक और खलासी मौके से फरार जैतपुर थाना प्रभारी रजनीकांत पटेल ने बताया कि ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब लदी थी। हादसे के बाद चालक और खलासी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। देर रात तक चली शराब उतारने और गिनती की प्रक्रिया पुलिस ने देर रात तक ट्रक से शराब की पेटियां उतरवाने का काम कराया। बरामद शराब की गिनती की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ट्रक में कुल कितनी शराब थी और कितनी सुरक्षित बरामद हुई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब किस राज्य से लाई जा रही थी और इसकी खेप कहां पहुंचाई जानी थी। तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले में शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान की जा रही है। चालक, खलासी और तस्करी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ट्रक के दस्तावेजों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

