![]()
राज्य कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक रामाशंकर प्रसाद सिंह के आवास पर हुई करीब एक करोड़ रुपए की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वारदात में शामिल सात में से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लूटे गए जेवरात और नकदी भी बरामद कर ली गई है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच में सामने आया है कि इस डकैती की पटकथा रातू रोड इलाके में तैयार की गई थी। घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने तीन दिनों तक रिंग रोड स्थित आदर्श नगर में निदेशक के आवास की रेकी की थी। बुधवार की सुबह जैसे ही मौका मिला, सात हथियारबंद अपराधी घर में घुस गए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया। अपराधियों ने अलमारी और सेफ खुलवाकर लगभग एक किलो सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए, जिनमें उनके रिश्तेदारों के गहने शामिल थे। इसके अलावा ठेकेदारी के भुगतान, जमीन बिक्री और पैतृक जमीन की राशि मिलाकर रखे करीब 42 लाख रुपए नकद भी लूट लिए गए। आरोपी मोनू के घर दबिश, पूछताछ
मामले में बुधवार सुबह कांके व सुखदेव नगर थाना की पुलिस ने मधुकम चुन्ना भट्ठा निवासी ठेकेदार सोनू सिंह के घर छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, सोनू का छोटा भाई मोनू सिंह इस डकैती कांड में शामिल था। सोनू ने बताया कि मोनू अपने परिवार के साथ दो दिनों से फरार है। पुलिस पूछताछ के लिए सोनू की पत्नी विभा देवी व चचेरी बहन काजल को थाने ले गई है। जल्द होगा आधिकारिक खुलासा
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही पूरे मामले का विधिवत खुलासा किया जाएगा। – अमर कुमार पांडेय, डीएसपी
3 दिन रेकी के बाद कांके में की डकैती:रातू रोड में रची साजिश, 7 अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया; एक की तलाश जारी
