मधुबनी के बेनीपट्टी से धनंजय कुमार धीरज की रिपोर्ट
Madhubani Road Accident: सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद साहरघाट थाना क्षेत्र के केरबा गांव में बुधवार देर शाम घंटों हंगामा और सड़क जाम की स्थिति बनी रही. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ एनएच-227 को जाम कर दिया. इस दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की गई और एक एंबुलेंस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया.
मृतक की पहचान साहरघाट थाना क्षेत्र के केरबा गांव निवासी सूटटा सदाय के 30 वर्षीय पुत्र पुरन सदाय के रूप में हुई है. वहीं हादसे में घायल खईका सदाय का इलाज मधुबनी सदर अस्पताल में चल रहा है.
सड़क हादसे में हुई युवक की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर बासोपट्टी थाना क्षेत्र में एक पिकअप वैन की चपेट में आने से बाइक सवार पुरन सदाय की मौत हो गई. बताया गया कि बाइक पर दो लोग सवार थे और वे अपने एक रिश्तेदार के यहां जा रहे थे. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप था कि बासोपट्टी थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना शव को एंबुलेंस से गांव भेज दिया. उनका कहना था कि मामले में उचित कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया समय पर नहीं की गई. हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.

मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई थी, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक मुआवजा नहीं मिला. इसी को लेकर लोगों में नाराजगी थी. प्रदर्शनकारियों ने मुआवजा और मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शव के साथ सड़क जाम कर दिया. जाम के कारण एनएच-227 पर यातायात प्रभावित रहा.

भीड़ ने एंबुलेंस को पहुंचाया नुकसान
स्थिति तनावपूर्ण होने के दौरान कुछ लोगों ने एक एंबुलेंस को नुकसान पहुंचाया. एंबुलेंस के शीशे तोड़ दिए गए. हालांकि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खुद को सुरक्षित रखा. घटना की सूचना मिलने पर साहरघाट, हरलाखी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. अंचलाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी जाम स्थल पर पहुंचे.
डीएसपी के आश्वासन के बाद खुला जाम
बाद में बेनीपट्टी डीएसपी अमित कुमार और पुलिस इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की. अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई और जांच का आश्वासन दिया. काफी मशक्कत और स्थानीय लोगों के सहयोग के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ. इसके बाद शव को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए बासोपट्टी थाना भेजा गया.
डीएसपी ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: आम तोड़ने के विवाद में मां-बेटे की हत्या, तीन दोषियों को उम्रकैद
The post Madhubani Road Accident: युवक की मौत के बाद सड़क जाम, आक्रोशित भीड़ ने एंबुलेंस में की तोड़फोड़ appeared first on Prabhat Khabar.

