Saturday, June 20, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

आम के बगीचे में खेल रहे थे बच्चे, तभी आई तेज आंधी-बारिश और फिर बुझ गया घर का चिराग

आम के बगीचे में खेल रहे थे बच्चे, तभी आई तेज आंधी-बारिश और फिर बुझ गया घर का चिराग

हुसैनाबाद से नौशाद की रिपोर्ट

Palamu News: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत लौटानियां पंचायत के एकौनी गांव में वज्रपात की घटना में 13 वर्षीय राकेश मेहता की मौत हो गयी. जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक और घायल सभी एकौनी गांव के निवासी हैं. घायलों में 22 वर्षीय पंकज कुमार, 20 वर्षीय प्रिंस कुमार, 20 वर्षीय प्रशांत कुमार और 14 वर्षीय सौरभ कुमार शामिल हैं.

बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे बच्चे

जानकारी के अनुसार सभी युवक गांव के समीप स्थित आम के बगीचे में खेल रहे थे. इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गयी. बारिश से बचने के लिए सभी लोग एक पेड़ के पास खड़े हो गये. तभी पेड़ पर वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आने से सभी युवक घायल हो गये.

ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रवेश मेहता समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सक डॉ. आयुष कुमार ने जांच के बाद 13 वर्षीय राकेश मेहता को मृत घोषित कर दिया.

एक घायल की हालत गंभीर, एमएमसीएच रेफर

घटना में घायल प्रशांत कुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे एमएमसीएच रेफर कर दिया. वहीं पंकज कुमार, प्रिंस कुमार और सौरभ कुमार का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के बाद हुसैनाबाद पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया. पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

इसे भी पढ़ें: डायन-बिसाही के शक में हत्या करने वाले को आजीवन कारावास, 26 हजार रुपये का जुर्माना

अस्पताल में उमड़ी लोगों की भीड़

घटना की जानकारी फैलते ही शव को देखने के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गयी. मृतक राकेश मेहता के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों की चित्कार और गांव में पसरे मातम ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया. अचानक हुई इस घटना से एकौनी गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है.

इसे भी पढ़ें: चतरा में एमसीसी के नाम पर ग्रामीणों का अपहरण, पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा

The post आम के बगीचे में खेल रहे थे बच्चे, तभी आई तेज आंधी-बारिश और फिर बुझ गया घर का चिराग appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles