
समस्तीपुर से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
Train Traffic Jam: समस्तीपुर शहर में सोमवार को लागू नए ट्रैफिक रूट चार्ट की पहले ही दिन पोल खुल गई. शहर में ऐसा महाजाम लगा कि उसका असर सड़क से निकलकर रेलवे ट्रैक तक पहुंच गया. भोला टॉकीज रेलवे गुमटी पर वाहनों की लंबी कतार के कारण फाटक समय पर बंद नहीं हो सका, जिससे डाउन दिशा की 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस को आउटर पर कुछ देर रोकना पड़ा. शहर के कई प्रमुख मार्ग घंटों जाम में फंसे रहे और यात्रियों को स्टेशन तक पैदल पहुंचना पड़ा.
जाम के कारण आउटर पर रोकनी पड़ी ट्रेन
शहर के ओवरब्रिज के जीर्णोद्धार और ताजपुर रोड में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते जिला प्रशासन ने सोमवार से नया ट्रैफिक रूट चार्ट लागू किया था. लेकिन सुबह से ही भोला टॉकीज गुमटी के पास वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया कि रेलवे फाटक समय पर बंद नहीं हो सका.
इसका असर रेल परिचालन पर भी पड़ा और 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस को आउटर पर कुछ देर तक इंतजार करना पड़ा. घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया.
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर जंक्शन से चोरी हुए 8 माह के बच्चे का खुलासा, 2 डॉक्टर समेत 5 गिरफ्तार
शहर की प्रमुख सड़कें घंटों रहीं जाम
नया रूट लागू होने के बाद ताजपुर रोड, स्टेशन रोड और डीआरएम ऑफिस रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. ट्रैफिक पुलिस जाम को नियंत्रित करने में बेबस नजर आई.
जाम में फंसने के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे, महिलाएं और आम लोग घंटों परेशान रहे. कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके.
ट्रेन पकड़ने के लिए पैदल दौड़े यात्री
सबसे अधिक परेशानी रेल यात्रियों को हुई. स्टेशन रोड और डीआरएम ऑफिस रोड पर जाम लगने से वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे थे. ऐसे में कई यात्रियों को सूटकेस और बैग लेकर रेलवे पटरी के किनारे पैदल स्टेशन तक जाना पड़ा.
यात्रियों का कहना था कि प्रशासन की अपर्याप्त तैयारी के कारण कई लोगों की ट्रेन छूटने की नौबत आ गई.
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने केवल कागजों पर रूट चार्ट तैयार किया, लेकिन डायवर्जन वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था नहीं की गई.
लोगों ने मांग की कि जब तक ओवरब्रिज और आरओबी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक शहर के प्रमुख चौराहों और जाम वाले स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए.

