Tuesday, July 14, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

20 लाख का इनामी नक्सली रविंद्र गंझू गिरफ्तार:19 जवानों और 18 ग्रामीणों की हत्या का है आरोपी, 154 केस दर्ज; AK-56 राइफल बरामद


लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा 209 बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाकर 20 लाख रुपए के इनामी नक्सली रविंद्र गंझू को गिरफ्तार किया है। रविंद्र गंझू, जो भाकपा माओवादी संगठन का रीजनल कमेटी सदस्य है, पर 19 जवानों और 18 ग्रामीणों की हत्या तथा 31 जवानों व 13 ग्रामीणों को घायल करने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी को झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। रविंद्र गंझू पर झारखंड सरकार ने 15 लाख रुपए और एनआईए ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था, जिससे कुल इनाम राशि 20 लाख रुपए हो गई थी। संगठन का एक प्रमुख कमांडर माना जाता था
रविंद्र लगभग तीन दशकों से माओवादी संगठन से जुड़ा था और लातेहार, लोहरदगा तथा गुमला जिलों में संगठन का एक प्रमुख कमांडर माना जाता था। मंगलवार को लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रविंद्र चंदवा थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव हेसला-बांझी टोला रंगनिया के आसपास अपने साथियों के साथ मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा 209 बटालियन ने संयुक्त छापेमारी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक AK-56 राइफल, एक 7.65 एमएम ऑटोमेटिक पिस्टल, एक देशी राइफल, 229 राउंड जिंदा कारतूस और एक काले रंग का पाउच बरामद किया गया। रविंद्र गंझू के खिलाफ कुल 154 मामले दर्ज हैं, जिनमें लातेहार में 40, लोहरदगा में 87 और गुमला में 27 मामले शामिल हैं। वह लेवी वसूली, सुरक्षा बलों पर हमले, विकास कार्यों में बाधा डालने और कई बड़ी नक्सली घटनाओं का मुख्य साजिशकर्ता रहा है। लुकईया हमले का मुख्य आरोपी
एसपी ने बताया कि चंदवा के लुकईया में चार जवानों की शहादत वाले चर्चित नक्सली हमले में रविंद्र मुख्य आरोपी है। इस मामले की जांच एनआईए कर रही है। पूछताछ में उसने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और संगठन के नेटवर्क व सहयोगियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इसके अलावा बरवाडीह के कटिया जंगल आईईडी विस्फोट का भी आरोपी है, जिसमें 11 जवान शहीद, 15 जवान घायल और चार ग्रामीणों की मौत हुई थी। इसके अलावा बालूमाथ के सुरंगी डोंगरी में सुरक्षाबलों के वाहन पर फायरिंग की घटना में भी उसकी संलिप्तता रही, जिसमें तीन जवान शहीद हुए थे। पूछताछ में उसने कई घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है। संयुक्त अभियान में शामिल रहे अधिकारी
इस अभियान में सीआरपीएफ 11वीं बटालियन के कमांडेंट रवि राय, कोबरा 209 बटालियन के उप कमांडेंट दीपक कुमार, सीआरपीएफ के उप कमांडेंट पीताबास पंडा, बारेसांढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, बेतला ओपी प्रभारी रितेश कुमार सहित लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles