![]()
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का औरंगाबाद जिले के जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर उत्साहपूर्वक सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार के पहले 100 दिनों में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन समाहरणालय स्थित नगर भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष एवं जिला परिषद अध्यक्षा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने विधायक प्रमोद कुमार सिंह का पौधा भेंट कर स्वागत किया, जबकि अन्य अतिथियों का भी वरीय अधिकारियों ने पौधा देकर अभिनंदन किया। इसके बाद विधायक, डीएम और एसपी ने आकाश में गुब्बारे छोड़कर सरकार के 100 दिन पूरे होने का संदेश दिया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में सरकार के पहले 100 दिनों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विकसित बिहार के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, निवेश, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सृजन से जुड़े निर्णयों की जानकारी देते हुए पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कृषि में उपलब्धियों का डीएम ने किया उल्लेख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि सरकार के 100 दिन पूरे होना केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास और सुशासन को नई गति मिली है तथा जिला प्रशासन उन्हीं प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।डीएम ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। हाल ही में एक और आदर्श विद्यालय के शुरू होने के बाद जिले में अब कुल 14 आदर्श विद्यालय संचालित हो रहे हैं। साथ ही जिन प्रखंडों में पहले डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां कॉलेज शुरू होने से स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर बढ़े हैं, जिसका सबसे अधिक लाभ छात्राओं को मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत औरंगाबाद पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर है। जिले ने टीबी स्क्रीनिंग में निर्धारित लक्ष्य से छह गुना अधिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।कृषि क्षेत्र में फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत 70 प्रतिशत से अधिक किसानों का पंजीकरण पूरा होने की जानकारी देते हुए डीएम ने कहा कि इससे किसानों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित होगी और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी तरीके से मिलेगा। महिला सशक्तिकरण और सम्मान समारोह रहे आकर्षण
जिला पदाधिकारी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘दीदी की रसोई एक्सप्रेस’ की शुरुआत एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जीविका दीदियों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा के दौरान घोषित सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है।ग्रामीण विकास के क्षेत्र में पंचायत सरकार भवनों का निर्माण, पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना तथा प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान विकसित करने जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ युवाओं को भी बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के लाभुकों, टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं, विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कर्मियों तथा प्रशासनिक व्यवस्था में योगदान देने वाले चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा जीविका दीदियों, खिलाड़ियों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। विधायक ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अल्प समय में जनहित से जुड़े कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की पहल विकास की नई दिशा तय कर रही है। उन्होंने औरंगाबाद जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में जिला लगातार बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से औरंगाबाद विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। कार्यक्रम के दौरान औरंगाबाद जिले की पिछले 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। अंत में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव एवं बेबी प्रिया, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहम्मद गजाली, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका), विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, जीविका समूह की दीदियां, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

