लखीसराय। शहर के बाईपास आरओबी मार्ग पर गुरुवार को एक हादसे में सवारी वाहन की छत पर बैठकर यात्रा कर रहे दो कांवरिया हाइट बैरियर से टकराकर घायल हो गए।
.
उन्हें तत्काल अशोकधाम मंदिर परिसर में संचालित अस्थायी स्वास्थ्य शिविर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के बिहारशरीफ से करीब एक दर्जन कांवरिया बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुए थे।
वाहन के अंदर जगह कम होने के कारण दो कांवरिया उसकी छत पर बैठकर यात्रा कर रहे थे।


अस्थायी स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया
शहर के बाईपास आरओबी पार करने के बाद बीएड कॉलेज मोड़ के समीप सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी) द्वारा लगाए गए हाइट बैरियर से दोनों कांवरिया टकरा गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन की छत से नीचे सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। घायलों की पहचान बिहारशरीफ निवासी रौशन कुमार एवं भूषण कुमार के रूप में हुई है।
वाहन में सवार अन्य श्रद्धालुओं और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को अशोकधाम मंदिर स्थित अस्थायी स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया।
सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन की छत पर बैठकर यात्रा करने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है।
उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

