![]()
जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रेम विवाह करने के बाद एक बालिग बेटी के परिजनों ने उसका सामाजिक रूप से नाता तोड़ दिया। परिवार ने गांव में उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया और कई पुरुष सदस्यों ने सिर मुंडवाकर बेटी को सामाजिक रूप से मृत घोषित करने की रस्में निभाईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, खैरा थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय खुशबू कुमारी कुछ दिन पहले अपने 23 वर्षीय प्रेमी मिथुन के साथ घर से चली गई थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर प्रेमी के साथ जाने की अनुमति इसके बाद 27 जुलाई को परिजनों ने खैरा थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की, जबकि परिजन भी अपने स्तर पर खोजबीन में जुटे रहे। बताया जाता है कि 2 अगस्त को युवती स्वयं खैरा थाना पहुंची। पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया और नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके बालिग होने की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, युवती ने स्पष्ट कहा कि वह अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ गई थी और उसी के साथ रहना चाहती है। बालिग होने और स्वतंत्र इच्छा व्यक्त करने के कारण कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी गई। युवती को अपनी पसंद से विवाह करने का कानूनी अधिकार – पुलिस इसके अगले दिन 3 अगस्त को खुशबू और मिथुन ने न्यायालय में विवाह कर लिया। विवाह की जानकारी मिलते ही परिवार ने 4 अगस्त को गांव में उसकी प्रतीकात्मक अर्थी तैयार कर अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं। परिवार के पुरुष सदस्यों ने सिर मुंडवाया और सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि अब उनका युवती से कोई संबंध नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार अब उसके श्राद्ध कर्म की तैयारी भी कर रहा है। वायरल वीडियो में अंतिम संस्कार जैसी रस्में निभाते और सिर मुंडवाए लोग स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि युवती ने जिस युवक से विवाह किया है, वह उनके ही गोतिया का है। इसी वजह से परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। पुलिस का कहना है कि बालिग होने के कारण युवती को अपनी पसंद से विवाह करने का कानूनी अधिकार है और फिलहाल इस मामले में कोई नई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
