![]()
हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र के चेपाकला मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय जयपाली महतो की मौत हो गई। एनटीपीसी की ट्रांसपोर्टिंग गाड़ी की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनटीपीसी के चार नंबर गेट के पास सड़क जाम कर दिया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात जयपाली महतो मंझली डाडी से चेपाकला की ओर जा रहे थे, तभी एनटीपीसी की ट्रांसपोर्टिंग गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर डाड़ीकला सहायक थाना के एसआई चंद्रमोहन झा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। ट्रांसपोर्टिंग सड़क को किया जाम पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और शामिल वाहन की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने चार नंबर गेट के पास ट्रांसपोर्टिंग सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सार्वजनिक सड़कों से कोयले की ढुलाई के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन से सार्वजनिक सड़क से कोयले की ट्रांसपोर्टिंग बंद करने और एक अलग ट्रांसपोर्टिंग सड़क बनाने की मांग की है।
