![]()
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पटना, बक्सर और बेतिया से है। राजधानी के दानापुर में गंगा खतरे के निशान से 2 फीट ऊपर बह रही है। निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। वहीं बक्सर में नेशनल हाई-वे पानी में डूबा है। जबकि बेतिया में गंडक में कटाव की वजह से पक्का घर नदी में समा गया। इधर नवादा में मंगलवार को एक कॉलेज स्टूडेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 01- गंडक में समाया घर, पटना के चंदौसी में घुसा पानी बिहार में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पटना, बेगूसराय, जहानाबाद, खगड़िया, औरंगाबाद, जमुई, बांका, शेखपुरा और मुजफ्फरपुर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं राजधानी के दानापुर में गंगा खतरे के निशान से 2 फीट ऊपर बह रही है। निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। बक्सर में नेशनल हाई-वे पानी में डूबा है। बेतिया में गंडक में कटाव की वजह से पक्का घर नदी में समा गया। पूरी खबर पढ़ें 02- तेज प्रताप जबरन मेरे कमरे में घुसे: मोनिका मनी दिल्ली के होटल में चप्प्ल कांड को लेकर तेज प्रताप यादव और बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद अब एक महिला ने तेजप्रताप पर आरोप लगाए हैं। महिला की पहचान मोनिका मनी के रूप में हुई है। मोनिका मनी पहले तेजप्रताप की पार्टी की सदस्य थीं। वो मिसेज इंडिया 2017 की रनर अप भी रह चुकीं हैं। पूरी खबर पढ़ें 03- छात्र की हत्या के बाद तनाव, बाजार बंद, फोर्स तैनात नवादा में मंगलवार को एक कॉलेज स्टूडेंट की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हिसुआ के टीचर मनीष भारती के बेटे प्रणव उर्फ पीयूष कुमार (25) के रूप में हुई है। वो BH पार्ट-1 का छात्र था और अपने घर का सबसे छोटा बेटा था। पुलिस के अनुसार, ये विवाद कॉलेज में बैठने को लेकर हुआ था। पीयूष को उसके घर से करीब 100 मीटर दूर गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 04- सीएम ने शुरू किया ‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान बिहार में अब स्वास्थ्य जांच के लिए लोगों को अस्पताल तक पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों की जांच करेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत की। उन्होंने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूरी खबर पढ़ें 05- LNJP में खिलाड़ियों को मिलेगी स्पोर्ट्स इंज्यूरी की सुविधाएं पटना के लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल (LNJP) में खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स इंज्यूरी के इलाज की आधुनिक सुविधा जल्द मिलेगी। यह एशिया का सबसे बड़ा हड्डी रोग अस्पताल है। अस्पताल प्रशासन ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। एक MOU साइन होने के बाद सफदरगंज अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम LNJP का निरीक्षण कर चुकी है। निरीक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई है। पूरी खबर पढ़ें 06- दो बसों की आमने-सामने टक्कर, ड्राइवर की मौत मुजफ्फरपुर में बुधवार को 80 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार में 2 यात्री बस में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में गिरिजा ट्रैवल्स के ड्राइवर अजीत शर्मा उर्फ अजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। करीब 20 मिनट तक स्टीयरिंग में उनकी लाश फंसी रही। इसके अलावा दोनों बसों में सवार करीब 35 पैसेंजर घायल हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें 07- बिहार में खुलेगा नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा कैंपस बिहार के कलाकारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) का कैंपस खोलने की दिशा में सहमति बन गई है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने बताया कि बिहार के कलाकार लंबे समय से राज्य में NSD का कैंपस खोलने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद विभाग की ओर से केंद्र सरकार को इस संबंध में पत्र भेजा गया था। पूरी खबर पढ़ें 08- नेपाल में आई बाढ़ त्रासदी में रक्सौल के राहुल की मौत रक्सौल प्रखंड की पंटोका पंचायत के भारतम्ही वार्ड-3 निवासी धर्म सिंह के 26 साल के बेटे राहुल कुमार सिंह 26 अगस्त को नेपाल के रसुवागढ़ी स्थित त्रिशूली क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ की चपेट में आए थे। सात दिन बाद भी न राहुल लौटा, न उसकी बॉडी घर पहुंची। आखिरकार 1 सितंबर मंगलवार की रात राहुल के पिता धर्म सिंह ने बेटे की बॉडी की जगह कुश से उसका प्रतीकात्मक शव बनाया और मुखाग्नि दे दी। पूरी खबर पढ़ें 09- बंद घर से 50 लाख की चोरी, CCTV में कैद चोर पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के पुनाईचक में एक घर से लाखों रुपए की संपत्ति चोरी हो गई। परिजनों के मुताबिक, चोर घर से करीब 50 लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में 100 ग्राम सोने के गहने, ढाई किलो चांदी, 100 से अधिक चांदी के सिक्के, करीब 2 लाख रुपए कैश और बेटी की शादी के लिए खरीदा गया अन्य सामान शामिल है। पूरी खबर पढ़ें 10- बिहार के 6 जिलों में कल बारिश का ऑरेंज अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी गुरुवार को बिहार के 6 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, सुपौल और अररिया शामिल हैं। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
बिहार दिनभर, 10 बड़ी खबरें:मॉडल का आरोप- तेजप्रताप जबरन मेरे कमरे में घुसे, गंडक में समाया घर, 2 बसों की टक्कर-ड्राइवर की मौत
