Monday, September 21, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

अररिया में 52 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार:पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा, घेराबंदी कर दबोचा; बाइक-मोबाइल जब्त


अररिया में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलासी थाना पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 52 ग्राम स्मैक बरामद की है। मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के भेलागंज हरदार निवासी मो. शाहनवाज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। पलासी थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गुप्त सूचना पर पुल के पास तैनात थी पुलिस एसडीपीओ सुशील कुमार ने सोमवार को एसडीपीओ कार्यालय में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पलासी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बढोली से भटनियां की ओर जाने वाली पक्की सड़क से स्मैक की एक खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी दल का गठन किया। इसके बाद पुलिस टीम को संभावित रास्ते पर भेजा गया। पुलिस बल को पुल के पास तैनात कर संदिग्धों पर नजर रखने के लिए कहा गया। पुलिस टीम आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर भागने लगा पुलिस के मुताबिक संदिग्ध बाइक सवार ने जैसे ही पुलिस बल को देखा, उसने बाइक मोड़कर वहां से भागने की कोशिश की। पुलिस को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी। इसके बाद जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर बाइक सवार को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेने के बाद नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया शुरू की। तलाशी के दौरान मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपी की पैंट की बाईं जेब की जांच की गई। वहां एक उजले रंग का डिब्बा मिला। डिब्बे में प्लास्टिक की पन्नी में छिपी थी स्मैक पुलिस के अनुसार डिब्बे को खोलने पर उसके अंदर प्लास्टिक की पन्नी में एक पदार्थ छिपाकर रखा गया था। जांच के बाद उसे स्मैक बताया गया। उसका वजन करीब 52 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त कर लिया। इसके साथ ही मौके से पल्सर बाइक भी जब्त की गई। बाइक का नंबर BR 38 AF 7906 बताया गया है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है। इसके जरिए तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। आरोपी पर पहले से 3 मामले दर्ज गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. शाहनवाज, पिता मो. नैय्यर, निवासी भेलागंज हरदार, थाना जोकीहाट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शाहनवाज के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। किशनगंज और जोकीहाट थानों में उसके खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। अब स्मैक की बरामदगी के मामले में पलासी थाने में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तस्करी के नेटवर्क की भी जांच पुलिस की जांच अब सिर्फ गिरफ्तार आरोपी तक सीमित नहीं है। जब्त मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और मादक पदार्थों की खेप उसे किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी में कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल कार्रवाई में पलासी थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मिथुन कुमार शर्मा, रौशन कुमार, सिपाही कृष्ण कुमार, अमित कुमार और कन्हैया कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles