![]()
नालंदा के चंडी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में दो दिन पूर्व हुई हिंसक मारपीट में गंभीर रूप से घायल दिव्यांग सुरेश बिंद की गुरुवार की अहले सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। चंडी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। घटना के संदर्भ में मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के दामाद गुंजन ने बताया कि 2 दिन पूर्व की रात घर में पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद भैंस को बाहर निकाल दिया गया था। इसी मामूली घरेलू बात को लेकर तीसरे पक्ष यानी चचेरे चाचा राजवरण बिंद बीच में आ गए और उन्होंने सुरेश बिंद पर जानलेवा हमला कर दिया। पिटाई के बाद दिव्यांग के शरीर में आई थी सूजन परिजनों के अनुसार, आरोपी ने दिव्यांग सुरेश की बेरहमी से पिटाई की थी, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं और शरीर में सूजन हो गई थी। घायल अवस्था में परिजनों ने सुरेश बिंद को चंडी स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे घर लौट आए थे। मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि झगड़ा किसी और बात पर हो रहा था, तभी राजवरण बिंद ने बीच में आकर सुरेश बिंद के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन गुरुवार की सुबह करीब 5:00 बजे सुरेश बिंद ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कानूनी कार्रवाई मामले को लेकर सर्किल इंस्पेक्टर चंदन कुमार सिंह ने बताया कि गोतिया विवाद को लेकर दो दिन पूर्व सुरेश बिंद और उनके चचेरे चाचा राजवरण बिंद के बीच मारपीट हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर बुधवार को ही पुलिस की टीम विशुनपुर गांव पहुंची थी। हालांकि, उस समय पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था, जिसके बाद पुलिस लौट गई थी। गुरुवार की सुबह जब सुरेश बिंद की मौत की सूचना मिली, तो पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस निरीक्षक ने बताया कि मौत के कारणों और वास्तविक स्थिति की पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों की ओर से मिलने वाले आवेदन तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नालंदा में मारपीट से घायल दिव्यांग की मौत:पति-पत्नी के झगड़े में बीच-बचाव के दौरान हुआ था हमला; चचेरे चाचा पर बेरहमी से पिटाई का आरोप
