बिहार के सरकारी स्कूलों में लाइब्रेरियन बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा-2026 का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
.
परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन 1 अक्टूबर से शुरू होंगे और 21 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे। आवेदन के लिए वेबसाइट sletregistration.cbrt.co.in निर्धारित की गई है।
150 अंकों की परीक्षा, 150 मिनट का समय
पात्रता परीक्षा में कुल 150 अंकों के 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें 100 अंक पुस्तकालय विज्ञान और 50 अंक सामान्य ज्ञान से होंगे। हर प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी CBT मोड में होगी। अभ्यर्थियों को 150 प्रश्न हल करने के लिए कुल 150 मिनट यानी ढाई घंटे का समय मिलेगा।
किस वर्ग को कितने अंक लाने होंगे
परीक्षा में न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक भी तय किए गए हैं। सामान्य वर्ग के लिए 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे।
वहीं अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक 40 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं।

पुस्तकालय विज्ञान के स्नातक पाठ्यक्रम से सवाल
परीक्षा का पाठ्यक्रम राज्य के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों में पुस्तकालय विज्ञान की स्नातक डिग्री के लिए लागू पाठ्यक्रम के आधार पर होगा। इसके अलावा सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे जाएंगे।
बिहार बोर्ड ने इससे पहले सितंबर की शुरुआत में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया था। उस समय सामने आई जानकारी में 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 के बीच परीक्षा कराने और दिसंबर के अंतिम सप्ताह में रिजल्ट जारी करने का लक्ष्य बताया गया था। शुरुआती रिपोर्टों में आवेदन की तारीख 15 सितंबर से 5 अक्टूबर बताई गई थी।
अब बोर्ड की ओर से जारी विस्तृत नोटिफिकेशन में आवेदन की अंतिम तारीख और प्रक्रिया स्पष्ट कर दी गई है। इसके अनुसार आवेदन 1 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक होंगे। परीक्षा का आयोजन 19 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच किया जाना है।

लंबे इंतजार के बाद भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ी
सरकारी स्कूलों में लाइब्रेरियन की नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए पात्रता परीक्षा की घोषणा महत्वपूर्ण है। वो पिछले 18 साल से इसके लिए इंतजार कर रहे थे।
सरकार ने लाइब्रेरियन नियुक्ति की प्रक्रिया में पात्रता परीक्षा को शामिल किया है। इसके बाद जिलेवार रिक्तियों की गणना और रोस्टर के आधार पर आगे नियुक्ति प्रक्रिया चलाने का प्रावधान बताया गया है।
यानी अभी अभ्यर्थियों के लिए पहला चरण पात्रता परीक्षा है। परीक्षा पास करने के बाद जब लाइब्रेरियन के रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी होगा, तब अभ्यर्थी उस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
