![]()
शेखपुरा में शनिवार देर शाम पचना बाजार में तीन नकाबपोश बदमाशों ने CSP संचालक से 1 लाख 62 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक के सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने हवा में दो गोलियां भी चलाईं। घटना के बाद तीनों बाइक से सिरारी की ओर फरार हो गए। पचना बाजार निवासी बृजनन्दन प्रसाद मालाकार (56) शनिवार शाम करीब 7 बजे अपना CSP केंद्र बंद कर पैदल घर लौट रहे थे। हाई स्कूल के पास पहुंचते ही तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। देखें, मौके से आई तस्वीरें… विरोध किया तो पिस्टल के बट से हमला बृजनन्दन ने बैग देने का विरोध किया तो बदमाशों ने उनके सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया। घायल होने के बाद बदमाश बैग छीनकर वहां खड़ी बाइक पर सवार हुए और सिरारी की ओर भाग निकले। भागने से पहले हवा में चलाईं दो गोलियां बताया गया कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में दो गोलियां चलाईं। गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल CSP संचालक को सदर अस्पताल शेखपुरा पहुंचाया। अस्पताल पहुंची पुलिस, दर्ज किया बयान नगर थाना के सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और घायल बृजनन्दन का बयान लिया। पुलिस ने घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ बदमाशों के भागने की दिशा की भी जांच शुरू की है। टेक्निकल सेल खंगाल रही सुराग एडिशनल एसपी राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। टेक्निकल सेल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पीड़ित का CSP केनरा बैंक से जुड़ा बताया गया है। पुलिस अब बदमाशों की पहचान और लूटे गए रुपये की बरामदगी के लिए संभावित सुराग खंगाल रही है।
शेखपुरा-CSP संचालक से 1.62 लाख की लूट:विरोध पर पिस्टल के बट से सिर फोड़ा; हवा में 2 फायर, 3 नकाबपोश बदमाश बाइक से फरार
