![]()
कैमूर में परिवहन विभाग की मोहनिया जांच चौकी पर सर्वर डाउन होने के कारण ट्रक चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चालान कटवाने के लिए चालकों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। इससे चालकों में नाराजगी देखी जा रही है। जयपुर से कोलकाता जा रहे ट्रक चालक उपेंद्र यादव ने बताया कि वे दो घंटे से अधिक समय से लाइन में खड़े थे। उनके ट्रक में मशीन लोड थी। नियम के अनुसार, गाड़ी की हाइट को लेकर जुर्माना भरने और चालान कटवाने के लिए वे जांच चौकी पहुंचे थे। लेकिन सर्वर डाउन होने का हवाला देकर उन्हें काफी देर तक रोके रखा गया। बोले- घंटों से लाइन में हैं, नाश्ता भी नहीं किया ट्रक चालक उपेंद्र यादव ने बताया कि वे घंटों से लाइन में लगे थे और इस दौरान नाश्ता भी नहीं कर सके। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया कि यदि जांच चौकी पर सर्वर काम नहीं कर रहा है, तो उन्हें ऑनलाइन चालान कटवाकर आगे जाने दिया जाए। उन्होंने अगले चेकपोस्ट पर रसीद कटवाने की बात भी कही, लेकिन इसके बावजूद उन्हें जाने की अनुमति नहीं मिली। चालक के मुताबिक, काफी देर बाद सर्वर चालू हुआ, जिसके बाद उनका चालान कट सका। उन्होंने बताया कि उनके पीछे लाइन में खड़े कई अन्य ट्रक चालकों को भी इसी समस्या का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी से चालकों में नाराजगी सर्वर डाउन होने के कारण जांच चौकी पर वाहनों की कतार लगी रही। चालकों को चालान कटवाने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। उनका कहना है कि तकनीकी व्यवस्था में खराबी के कारण अनावश्यक देरी होती है, जिससे यात्रा प्रभावित होती है। जांच चौकी पर सर्वर की समस्या और बुनियादी सुविधाओं को लेकर चालकों में नाराजगी देखने को मिली।
कैमूर में जांच चौकी पर सर्वर डाउन:2 घंटे तक लाइन में फंसे रहे ट्रक ड्राइवर, चालान कटवाने के लिए करना पड़ा इंतजार; बोले-अब तक कुछ नहीं खाया
