![]()
नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र में शराब माफिया का खौफनाक चेहरा सामने आया है। शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही मद्य निषेध विभाग की विशेष जांच इकाई (ईआईबी) की टीम पर तस्करों और लाइनर ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में पटना मुख्यालय की ईआईबी टीम का एक सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के दौरान पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। शहीद सिपाही की पहचान अजीत कुमार के रूप में की गई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग के महकमे में हड़कंप मच गया है। पिकअप का पीछा करने के दौरान हाईवे पर मारी गोली उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप पिकअप वैन के जरिए जिले की सीमा में दाखिल हुई है। वाहन खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ा था। सूचना के आधार पर पटना की ईआईबी टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर घेराबंदी शुरू की। लहूलुहान होकर गिर पड़े पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप जब उत्पाद विभाग की टीम ने संदिग्ध पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश की, तभी तस्करों के लिए रेकी कर रहे लाइनर ने टीम पर अचानक गोली चला दी। गोली सीधे सिपाही अजीत को जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। फायरिंग के बाद अफरा-तफरी का फायदा उठाकर तस्कर और लाइनर वाहन समेत फरार होने में कामयाब रहे। पावापुरी से पीएमसीएच रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम गोली लगने के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में घायल सिपाही को पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए तुरंत पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। पीएमसीएच में इलाज के क्रम में डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद सिपाही ने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम पटना में कराया जा रहा है। इलाके में नाकेबंदी, हमलावरों की तलाश तेज उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि यह संयुक्त कार्रवाई पटना से आई विशेष ईआईबी टीम के नेतृत्व में चल रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय जिला पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। हाईवे और आसपास के सभी रास्तों पर सघन नाकेबंदी कर दी गई है।
नालंदा में मद्य निषेध विभाग की टीम पर फायरिंग:शराब तस्करों ने चलाई गोली, बुलेट लगने से एक सिपाही की मौत
