![]()
गढ़वा | गढ़वा शहर के रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के पास गढ़वा सोशल वर्कर जनकल्याण फाउंडेशन की ओर से 147वां साप्ताहिक भंडारा आयोजित किया गया। आयोजन में जरूरतमंदों के बीच पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला और फल का वितरण किया गया। भंडारे का आयोजन गणेश मोदनवाल ने अपनी पुत्री दिव्या राज के जन्मदिन और नवरात्र के अवसर पर परिवार के साथ किया। फाउंडेशन के संचालक आकाश केशरी ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों तक नियमित सहायता पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि हर मंगलवार साप्ताहिक भंडारे के जरिए भोजन उपलब्ध कराया जाता है। सेवा कार्य आगे भी जारी रखने की बात कही गई। कार्यक्रम में डेजी गुप्ता ने समाज सेवा से जुड़ी अपनी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं और जिन लड़कियों के माता-पिता नहीं हैं, उनके विवाह के अवसर पर उन्हें निःशुल्क तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन के सेवा कार्यों की जानकारी उन्हें मोबाइल और अखबारों से मिलती रही है। मंगलवार को पहली बार भंडारे में शामिल होकर उन्होंने जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य किया।फाउंडेशन की ओर से अंशु कांस्यकार ने आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों और सहयोगियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों तक अधिक सहायता पहुंचाने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। आयोजन के दौरान संस्था के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। गढ़वा | संगीत कला महाविद्यालय के तत्वावधान में पार्श्वगायक किशोर कुमार की 39वीं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत किशोर कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद उनके लोकप्रिय गीतों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। सभागार में देर तक संगीत कार्यक्रम चला। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। झारखंड साइक्लिंग संघ के महासचिव शैलेन्द्र कुमार पाठक विशिष्ट अतिथि रहे। महाविद्यालय के निदेशक प्रमोद सोनी भी कार्यक्रम में शामिल रहे। वक्ताओं ने किशोर कुमार के गायन और उनके गीतों की लोकप्रियता पर बात रखी। आशीष सोनी ने कहा कि किशोर कुमार की आवाज में कई तरह की भावनाएं दिखती हैं। कार्यक्रम में स्थानीय संगीत प्रेमी और आम लोग भी उपस्थित थे।
किशोर कुमार के गीतों से गूंजा संगीत कला महाविद्यालय, सुरों के जादूगर को किया नमन
