
Kolkata Durga Puja Stampede: उत्तर कोलकाता में दुर्गा पूजा के बीच अचानक मची भगदड़ में कम से कम 17 लोगों के मारे जाने की आशंका है. इस हादसे पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा है कि उन्हें गहरा दुख और सदमा पहुंचा है. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर से स्तब्ध हैं.
ममता बनर्जी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया
शनिवार को हादसे के बाद ममता बनर्जी ने कहा- चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है. मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं, और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस मिले.
अब तक किसी की गिरफ्तारी क्यों नहीं? : कुणाल घोष
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने हादसे के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर कर पूछा कि चोरबागान में जो हुआ है, उसकी जिम्मेदारी किसकी है? कुणाल ने पूछा- पूजा कमेटी के सदस्य कहां हैं? अब तक किसी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? पूजा के दौरान पहली बार वर्षा नहीं हुई है. अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने क्या इंतजाम किये थे?
ये भी पढ़ें: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 17 श्रद्धालुओं की मौत, अस्पताल पहुंचे सीएम शुभेंदु अधिकारी
हादसे के जिम्मेदार लोगों को साइडलाइन करें : घोष
कुणाल घोष ने कहा कि जब तक पूजा कमेटी से जुड़े नेताओं को साइडलाइन नहीं किया जायेगा, तब तक इस हादसे की निष्पक्ष जांच संभव नहीं है. इतना ही नहीं, कुणाल ने कमेटी के सभी लोगों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की है, जो हादसे के लिए जिम्मेदार हैं.
ये भी पढ़ें: अंधेरा, भीड़ और पतला रास्ता… कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल मची भगदड़, देखिए तस्वीरें
‘निगम के चेयरमैन को इस्तीफा क्यों नहीं देना चाहिए?’
कुणाल घोष ने पूछा कि नगर निगम क्या कर रहा था? टीएमसी विधायक ने पुलिस की भी आलोचना की. पूछा कि विपक्षी दलों के नेताओं को परेशान करने वाली पुलिस क्या कर रही थी? कुणाल घोष ने पूछा कि इतने बड़े हादसे के बाद नगर निगम के चेयरमैन को इस्तीफा क्यों नहीं देना चाहिए? अगर वह इस्तीफा नहीं देते, तो उनको बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए.
कोलकाता मेडिकल कॉलेज भेजे गये घायल
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि जैसे ही बारिश शुरू हुई, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर प्रतीक्षा कर रही भीड़ आगे की ओर भागी. इसकी वजह से कुछ लोग सड़क पर गिर गये और भगदड़ मच गयी. घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया. कुछ लोगों को एसएसकेएम अस्पताल भी भेजा गया.
शुभेंदु अधिकारी भागे-भागे पहुंचे अस्पताल
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद समेत तमाम अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे. अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है.
The post कोलकाता में भगदड़, ममता बनर्जी बोलीं- मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा, कुणाल घोष ने सरकार पर बोला हमला appeared first on Prabhat Khabar.
