
पटना. बिहार में टेंडर घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े रिशु श्री मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रडार पर आए आइएएस अफसरों से पूछताछ शुरू हो गई है. सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को इडी कार्यालय में हाजिर हुए आइएएस सुनील यादव से सात घंटे तक पूछताछ की गई. इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के तौर पर रिशु श्री के मोबाइल में मिली चैट के साथ कुछ दस्तावेजों को भी दिखाया गया और फिर उस पर सवाल दागे गए. ज्यादातर सवालों पर अफसर ने चुप्पी साधे रखी. इस मामले में आइएएस अभिलाषा कुमारी शर्मा से सोमवार को पूछताछ हो चुकी है. नोटिस मिले दूसरे अधिकारियों से 28 और 30 को पूछताछ की जायेगी. इन अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए अलग-अलग समय दिया गया है.
इडी ने पहले कर चुकी है सात आइएएस से पूछताछ
इडी ने इस मामले में आइएएस अभिलाषा शर्मा, योगेश कुमार सागर, सुनील यादव, आनंद किशोर, संतोष कुमार मल, धर्मेंद्र कुमार को सम्मन जारी करके पूछताछ के लिए कार्यालय बुलाया है. अधिकारियों से सरकारी टेंडरों के आवंटन, कंपनियों को ठेका दिलाने, कथित कमीशनखोरी और वित्तीय लेनदेन से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है. जांच एजेंसी के मुताबिक, सारण जिले के मूल निवासी रिशु श्री ने सरकारी अधिकारियों के साथ कथित सांठगांठ कर टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने का नेटवर्क बनाया था.
टेंडर से पहले मिल जाती थी जानकारी
आरोप है कि वह टेंडर जारी होने से पहले ही उसकी शर्तों और दूसरी महत्वपूर्ण जानकारियों तक पहुंच बना लेता था. इसके बाद अपनी और करीबियों की कंपनियों को ठेका दिलाने के लिए टेंडर की शर्तों में बदलाव कराने की कोशिश करता था. इसके बदले संबंधित कंपनियों से सात से दस प्रतिशत तक कमीशन लेने का आरोप है. जांच में मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट और दस्तावेजों को भी अहम साक्ष्य माना गया है.
अधिकारियों की पोस्टिंग और विदेश यात्राओं की भी जांच
इडी की जांच में अधिकारियों की पोस्टिंग और कथित तौर पर उन्हें दिए गए लाभ भी जांच के दायरे में हैं. जांच संबंधी जानकारी के अनुसार, मुमुक्षु चौधरी ने कथित तौर पर स्वीकार किया था कि सीतामढ़ी में नगर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिलाने के लिए रिशु श्री ने उच्च अधिकारियों को 25 लाख रुपये दिए थे. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है. जांच में बुडको के तत्कालीन प्रबंध निदेशक योगेश कुमार सागर और उनके परिवार के सदस्यों की विदेश यात्रा का मामला भी सामने आया है.
बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
क्या है आरोप
आरोप है कि जून 2024 में ऑस्ट्रिया यात्रा का खर्च रिशु श्री ने उठाया था. वहीं, आईएएस अभिलाषा कुमारी शर्मा और उनके परिवार की यात्रा पर करीब 19 लाख रुपये खर्च किए जाने का दावा है. अधिकारियों की विदेश यात्राओं और इसके बाद रिशु श्री से जुड़ी संस्थाओं को मिले ठेकों के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है.
The post टेंडर घोटाला : IAS सुनील यादव से ED की मैराथन पूछताछ, कई अहम दस्तावेजों पर आमने-सामने की सवाल-जवाब appeared first on Prabhat Khabar.
