![]()
कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में बीती रात खेशकरी के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। यह घटना कोडरमा-कोवार मुख्य मार्ग पर एक लाइन होटल के समीप हुई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। हाईटेंशन तार में स्पार्क से लगी आग ट्रक चालक जीशान खान ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से गुवाहाटी जा रहे थे। ट्रक में सोलर प्लेट लदे थे। रास्ते में घर पड़ने के कारण उन्होंने खेशकरी स्थित होटल के पास ट्रक खड़ा कर दिया और खाना खाने चले गए। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहे 132 केवी हाईटेंशन तार में अचानक स्पार्क हुआ। उसकी चिंगारी ट्रक पर गिरने से आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। 10 लाख के सोलर प्लेट जलकर खाक घटना के दौरान ककरचोली पंचायत के मुखिया राजकुमार यादव ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। चालक के अनुसार ट्रक में करीब 60 लाख रुपए के सोलर प्लेट लदे थे, जिनमें से लगभग 10 लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


