बोकारो जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में मंगलवार को जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर 15 क्रिकेट टूर्नामेंट में ग्रुप बी के अंतिम दोनों लीग मैच खेले गए। सेक्टर 4 स्थित बीएसएल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में देवघर की टीम ने बोकारो की टीम को 73 रनों से पराजित कर ग्रुप बी की उपविजेता टीम बन कर सुपर लीग में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवघर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 122 रनों का स्कोर बनाया। टीम की ओर से अंजली कुमारी ने नाबाद 64 रन एवं जेनिफर ने 15 रन बनाए। गेंदबाजी में बोकारो की ओर से प्रिया राज, सुदीक्षा एवं अभिलाषा को एक-एक सफलता मिली। जवाबी पारी खेलने उतरी बोकारो की टीम 19 ओवर में 49 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से सर्वाधिक 12 रन नेहा कुमारी ने बनाए। मैच में शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी के लिए देवघर की अंजली कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मैच टीआरडीओ शाहिद खान ने सौंपा। वहीं, दूसरे मैच में रामगढ़ की टीम ने पाकुड़ की टीम को 5 विकेट से पराजित कर ग्रुप बी की विजेता टीम बनकर सुपर लीग में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकुड़ की टीम ने 15.2 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 56 रनों का स्कोर बनाया। टीम की ओर से सर्वाधिक 19 रन सृष्टि हांसदा ने बनाए। गेंदबाजी में रामगढ़ की ओर से अनुष्का कुमारी ने सात रन देकर एवं खुशी तिर्की ने 11 रन देकर तीन-तीन विकेट लिए। जबकि शिवान्या को दो सफलता मिली। जवाबी पारी खेलते हुए रामगढ़ की टीम ने जीत के लिए जरूरी 57 रन 14.3 ओवर में पांच विकेट खोकर बना लिए। टीम की ओर से पलक किशोर ने नाबाद 13 एवं खुशी तिर्की ने 10 रन बनाए। मैच में ऑल राउंड प्रदर्शन के लिए रामगढ़ की खुशी तिर्की को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मैच टीआरडीओ शाहिद खान ने सौंपा।


