![]()
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी हुई गई। मिठनपुरा के पास एनएच-27 पर बाइक सवार बदमाशों ने इलाज कर घर लौट रही एक महिला को गोली मार दी। घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मदीना खातून अपनी भाभी जोया खातून के साथ श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज से इलाज कर टोटो से अपने घर बोचहां लौट रही थीं। इसी दौरान बखरी-मरोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने टोटो को रुकवाया। इसके बाद एक बदमाश टोटो में घुसा और धमकी देते हुए कहा, “केस वापस ले लो, नहीं तो जान से मार देंगे।” धमकी देने के तुरंत बाद बदमाश ने मदीना खातून पर गोली चला दी और साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रेम प्रसंग और लेन-देन का विवाद आया सामने प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे पुराना प्रेम प्रसंग और पैसों के लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। पीड़िता की भाभी ने आरोप लगाया कि मदीना खातून का मोहम्मद शमशाद शेख नाम के युवक के साथ पिछले पांच साल से संबंध था। इस दौरान आरोपी ने उससे 10 से 12 लाख रुपये भी लिए थे। जब मदीना ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी मुकर गया और संबंध खत्म कर लिया। इसके बाद मदीना ने बोचहां थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि इसी केस को वापस लेने के लिए आरोपी लगातार दबाव बना रहा था और अब जान से मारने की नीयत से हमला करवाया गया है। घटना के समय सभी बदमाशों ने अपना चेहरा ढक रखा था। पुलिस जांच में जुटी मामले को लेकर नगर क्षेत्र-2 की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनीता सिन्हा ने बताया कि एसकेएमसीएच फ्लाईओवर के पास टोटो रोककर महिला को गोली मारी गई है। महिला इलाज कर घर लौट रही थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस के अनुसार, पहले के दर्ज मामले और लेन-देन के विवाद को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस लगातार छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।


