Monday, May 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

नवादा में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या:पति समेत पांच पर केस, डेढ़ साल की बच्ची की मां थी


नवादा जिले के रजौली प्रखंड के डुमरकोल गांव में दहेज के लिए खुशबू कुमारी (30) की गला दबाकर हत्या का आरोप लगा है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। खुशबू की डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची है, जो अब मां से वंचित हो गई है। खुशबू कुमारी का विवाह वर्ष 2023 में गया जिले के टनकूपा में हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार देर शाम पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई। हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की मृतका के भाई साहिल कुमार (स्वर्गीय जितेंद्र सिंह के पुत्र) ने रजौली थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। साहिल ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे खुशबू ने फोन पर रोते हुए 5 हजार रुपये मांगे थे और अपनी जान को खतरा बताया था। इसके कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर मिली। रजौली थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि इस मामले में खुशबू के पति रोहित कुमार (पिता सरयू सिंह), सास, ससुर, ननद और देवर सहित पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles