शादी के बाद पहली बार गोलमुरी में एक शादी में शामिल होने आ रहे थे दंपती
Jamshedpur News :
बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक नवविवाहित दंपती के गहनों से भरे बैग की चोरी हो गयी. घटना के संबंध में टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जानकारी के अनुसार, दानापुर निवासी स्वराज सुमन और उनकी पत्नी ऋचा कुमारी ट्रेन के बी-5 थर्ड एसी कोच में यात्रा कर रहे थे. दोनों ने बताया कि चलती ट्रेन के एसी कोच से चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया है. शादी के बाद पहली बार दोनों एक शादी समारोह में शामिल होने टाटानगर आ रहे थे. ऋचा कुमारी के फुफेरे भाई की शादी गोलमुरी में होनी है. दंपती का दावा है कि घटना मोकामा रेलवे स्टेशन के आसपास हुई. रात के सफर के बाद जब सुबह करीब 5 बजे उनकी नींद खुली, तो गहनों से भरा बैग गायब था. बैग में करीब 30 लाख रुपये के आभूषण होने की बात कही जा रही है. चोरी की जानकारी मिलते ही बोगी में अफरा-तफरी मच गयी. आरपीएफ ने तत्काल जांच की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका. टाटानगर पहुंचने के बाद दंपती ने जीआरपी में लिखित शिकायत दर्ज करायी. रेल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और ट्रेन में मौजूद यात्रियों व संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. मोकामा रेलवे स्टेशन का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है.The post Jamshedpur News : बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से नयी नवेली दुल्हन के गहनों से भरे बैग की चोरी appeared first on Prabhat Khabar.

