![]()
नियोजनालय औरंगाबाद के माध्यम से निजी सुरक्षा एजेंसी की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में सुरक्षा जवान पद के लिए भर्ती कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड एजेंसी की ओर से प्राप्त रिक्तियों के विरुद्ध प्रखंडवार भर्ती शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव आया है, जिसे स्वीकृति दी गई है। सुरक्षा जवान पद के लिए न्यूनतम योग्यता मैट्रिक पास या फेल दोनों रखी गई है। सुपरवाइजर पद के लिए इंटरमीडिएट और अधिकारी पद के लिए स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है। सुरक्षा जवान के लिए आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि न्यूनतम ऊंचाई 167.05 सेंटीमीटर अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 32 हजार रुपए तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा वार्षिक वेतन वृद्धि, समय-समय पर पदोन्नति, पीएफ, ग्रेच्युटी, बोनस, मेडिकल सुविधा, बीमा और बच्चों की शिक्षा जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। रिटायरमेंट की उम्र 65 साल निर्धारित की गई है। भर्ती अधिकारी अंकित कुमार ने जिले के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी प्रखंड में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। 19 मई तक लगेगा कैंप भर्ती कैंप 07 मई को बारुण, 08 मई को नबीनगर, 09 मई को कुटुंबा, 11 मई को देव, 12 मई को मदनपुर, 13 मई को रफीगंज, 14 मई को दाऊदनगर, 15 मई को गोह, 16 मई को हसपुरा, 18 मई को ओबरा और 19 मई को औरंगाबाद सदर प्रखंड में आयोजित किया जाएगा। हर शिविर के आयोजन से पहले संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
अनियमितता पर ऐजेंसी होगी जिम्मेदार जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह एसआईएस इंडिया लिमिटेड के निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी। साथ ही, प्रत्येक शिविर के बाद चयनित एवं पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची जिला नियोजनालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा, ताकि उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी जा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया के दौरान या उसके बाद अभ्यर्थियों के साथ किसी प्रकार की ठगी या अनियमितता नहीं होनी चाहिए, अन्यथा इसकी पूरी जिम्मेदारी एजेंसी की होगी।

