सीमांचल क्षेत्र के ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर शनिवार को पहली अमृत भारत एक्सप्रेस का आगमन हुआ। वर्षों के इंतजार के बाद लंबी दूरी की इस ट्रेन के पहुंचने पर स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने तालियों और नारों के साथ ट्रेन का भव्य स्वागत किया। यह ट्रेन 14663/14664 अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस है, जो ठाकुरगंज–अररिया नए रेलखंड से होकर गुजरती है। इसके पहली बार स्टेशन पहुंचने को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों में विशेष उत्साह देखा गया। मजदूरों, छात्रों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा
इस ट्रेन के ठहराव से सीमांचल क्षेत्र के हजारों यात्रियों, मजदूरों, छात्रों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें पंजाब, दिल्ली और उत्तर भारत की यात्रा के लिए किशनगंज या न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) जाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग ट्रेन के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेते दिखे। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने इस ऐतिहासिक क्षण को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। कुछ यात्रियों ने इसे ठाकुरगंज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी
नई समय-सारणी के अनुसार, 14664 अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर से दोपहर 12:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन सीतापुर सिटी, गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, पनियाहवा और फोर्ब्सगंज होते हुए शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वापसी में, 14663 न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार सुबह 8:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होगी। यह फोर्ब्सगंज, गोरखपुर, गोंडा सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए सोमवार तड़के 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें बेहतर सीटिंग व्यवस्था, आधुनिक कोच और उन्नत सुरक्षा प्रणाली शामिल हैं। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। रेलवे का मानना है कि यह ट्रेन सीमांचल क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


