Saturday, May 23, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गिरिडीह में 14 साल की छात्रा बच्ची बनी मां:सदर अस्पताल के टॉयलेट में जन्मा बच्चा, कमर दर्द की शिकायत पर परिजनों के साथ आई थी


गिरिडीह जिले के सदर अस्पताल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शुक्रवार की शाम 14 साल नाबालिग छात्रा ने अस्पताल के शौचालय में बच्चे को जन्म दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार जिस छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया वह बेंगाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह नौवीं कक्षा की छात्रा है। फिलहाल नवजात और प्रसूता दोनों को बेहतर इलाज के लिए चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। खबर से जुड़ी तस्वीरें देखें… कमर दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची थी छात्रा परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को स्कूल में गर्मी की छुट्टी होने के बाद छात्रा घर लौटी थी। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसने कमर दर्द की शिकायत की। परिजनों ने इसे सामान्य शारीरिक समस्या समझते हुए उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल में भर्ती होने के बाद देर शाम वह शौचालय गई, जहां उसने एक नवजात को जन्म दे दिया। इस घटना से परिजन और अस्पताल कर्मी दोनों ही अचंभित रह गए। रक्तस्राव की हालत में बाहर निकली बताया जाता है कि नवजात को जन्म देने के बाद नाबालिग रक्तस्राव की गंभीर स्थिति में ही शौचालय से बाहर निकलकर जाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की नजर उस पर पड़ी। स्थिति को भांपते हुए कर्मियों ने तत्काल उसे रोका। इसके बाद उससे पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए शौचालय से नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय पर हस्तक्षेप के कारण मां और बच्चे दोनों की जान बचाई जा सकी। एसएनसीयू में भर्ती नवजात, जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी। चिकित्सकों की सलाह पर नाबालिग और नवजात को एंबुलेंस के माध्यम से चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु अस्पताल भेजा गया। वहां नवजात को एसएनसीयू में भर्ती किया गया है। जबकि नाबालिग का भी यहीं इलाज जारी है। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles