बांका से विभांशु कुमार की रिपोर्ट :
मंदार स्थित आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में भाजपा संगठन द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग के आठवें सत्र को सूबे के पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल ने संबोधित किया. उन्होंने जनसंघ से भाजपा तक के इतिहास की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी. उन्होंने कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अध्यक्षता में जनसंघ की स्थापना हुई थी. वर्ष 1951 से 1979 तक कांग्रेस शासन की नीतियों के खिलाफ कई आंदोलन चलाए गए. इसी क्रम में डॉ. मुखर्जी ने कश्मीर में “दो निशान, दो विधान” के विरोध में पूरे देश में अभियान चलाया. इस दौरान उनकी रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है” का नारा बुलंद किया.
छह अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई
विधायक ने कहा कि आगे चलकर जनसंघ ही भारतीय जनता पार्टी के रूप में विकसित हुई और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर छह अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई. पार्टी के पहले अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बनाए गए. अटल बिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भाजपा को जनता के बीच लोकप्रिय बनाया. इसका परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी तीन लोकसभा सीटों से बढ़कर लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफल हुई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले करीब 12 वर्षों से देश की सेवा कर रही है.
25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे
पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं. गरीबों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे अधिक कार्य किया है. किसानों की आय दोगुनी करने तथा उनके हित में कई योजनाएं चलाई गई हैं ताकि देश के किसान समृद्ध हो सकें.उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. देश के करोड़ों युवा आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़कर देश को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं.
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता का विश्वास जीतने का आह्वान
अपने संबोधन में उन्होंने जिले के पुराने जनसंघ कार्यकर्ताओं केदार सिंह, दिनेश सिंह, सोनेलाल मिश्र और संतोष पांडे को नमन किया. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पार्टी विस्तार के लिए गांव-गांव और घर-घर तक संगठन को पहुंचाने का काम किया. पूर्व मंत्री ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता का विश्वास जीतने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि आज भारतीय जनता पार्टी गंगोत्री से गंगासागर तक देश की सेवा में लगी हुई है. उन्होंने “जहां जन्म लिए मुखर्जी, वह बंगाल हमारा है” के नारे के साथ अपना संबोधन समाप्त किया. कार्यक्रम का मंच संचालन भाजपा के महामंत्री मुकेश सिन्हा ने किया. जबकि प्रशिक्षण वर्ग की अध्यक्षता नीलम सिंह ने की. मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्रा, अजय दास, महेश गुप्ता, भाजपा महामंत्री विश्वनाथ सिंह, पंकज घोष, रामानंद चौधरी, अभिनाश सिंह, उज्ज्वल सिन्हा, सुनील चटर्जी, राजू सिंह, दिगंबर मंडल, जयशंकर चौधरी, बमशंकर साह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.

