बड़हरिया में महावीरी जुलूस निकाला गया।
सीवान बड़हरिया में बुधवार को महावीरी मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। कई सालों बाद यह मेला बिना किसी विवाद के खत्म हुआ। मेले के दौरान प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की स्थानीय लोगों ने खूब तारीफ की।
.
इस बार प्रशासन के निर्देश पर मेले में डीजे और आर्केस्ट्रा नहीं बजाया गया। इसकी जगह पारंपरिक ढोल-ताशे के साथ भगवान हनुमान जी की प्रतिमा और आकर्षक झांकियां निकाली गईं।
अखाड़ों में युवाओं ने लाठी-कला और पारंपरिक करतब दिखाए। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर मौजूद थे।

सुरक्षा के लिए प्रशासन तैनात।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार था। सिवान एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता, सदर एसडीपीओ आनंद कुमार, थाना प्रभारी छोटन कुमार, बीडीओ संदीप कुमार और अंचल अधिकारी मनीष कुमार सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी लगातार व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
बड़हरिया के कई संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा बनी रही। किसी भी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस साल प्रशासन की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था पिछले सालों से बेहतर थी। बिना डीजे और आर्केस्ट्रा के भी पारंपरिक झांकी और अखाड़ों के प्रदर्शन ने मेले की पुरानी संस्कृति और परंपरा को बनाए रखने का संदेश दिया।
महावीरी मेला शांतिपूर्ण तरीके से खत्म होने के बाद लोगों ने पुलिस और प्रशासन के काम की तारीफ की। प्रशासन ने भी मेले के शांतिपूर्ण समापन पर संतोष जताया।
