Saturday, June 6, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

CSP संचालक को गोली मारकर लूटने वाले दो गिरफ्तार:पलामू में लूट के पैसे बांटने की तैयारी में थे, एक फरार


पलामू में सीएसपी (CSP) संचालक शमा प्रवीण और उनके पति इसराफिल को गोली मारकर लूटने के मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार गांव में हुई थी, जहां से एक अन्य आरोपी फरार हो गया। तीन दिन पहले सुबह करीब 10:30 बजे अपराधियों ने हुटार गांव में सीएसपी संचालक दंपती पर फायरिंग कर लगभग तीन लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप और अन्य सामान लूट लिया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जवानों ने पीछा कर दो को दबोच लिया इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कोयल नदी पर बने पुल के पास कुछ अपराधी इकट्ठा होकर लूटी गई रकम का बंटवारा करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तीनों अपराधी भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दो को दबोच लिया, जबकि एक अपराधी बाइक से फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए अपराधियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे उसी लूट की रकम बांटने के लिए वहां पहुंचे थे। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं, दूसरे आरोपी के पास से 10,100 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन मिला। आकाश कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रामगढ़ के हुटार निवासी 23 वर्षीय मुस्लिम अंसारी और शहर थानाक्षेत्र के बारालोटा निवासी 19 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है। एसडीपीओ राजीव रंजन के अनुसार, आकाश कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आकाश और मुस्लिम की दोस्ती रामनवमी के दौरान करीब 20 दिन पहले ही हुई थी। मिलने के बाद इन्होंने लूट की योजना बनाई। स्थानीय निवासी मुस्लिम अंसारी ने आकाश और फरार अपराधी को सीएसपी संचालक की गतिविधियों की पूरी जानकारी दी थी और घटना को अंजाम देने के लिए उन्हें बुलाया था। महिला को गोली फरार अपराधी ने मारी थी। पुलिस ने बताया कि फरार तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, लूटे गए शेष पैसे और सामान की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles