Saturday, May 2, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

Dhanbad News: तीन विभागों के टेंडर से उलझा हेल्थ सब सेंटर निर्माण, परियोजनाओं पर खींचतान

Dhanbad News: तीन विभागों के टेंडर से उलझा हेल्थ सब सेंटर निर्माण, परियोजनाओं पर खींचतान

धनबाद, जिले में 27 हेल्थ सब सेंटरों के निर्माण को लेकर तीन अलग-अलग विभागों की ओर से टेंडर जारी किए जाने से मामला उलझ गया है. एक ही तरह की योजनाओं पर जिला परिषद, भवन प्रमंडल और विशेष प्रमंडल के बीच तालमेल के अभाव ने अब प्रशासनिक विवाद का रूप ले लिया है. स्थिति यह है कि तीनों विभागों ने अपने-अपने स्तर पर टेंडर निकालकर प्रक्रिया भी आगे बढ़ा दी है, जिससे निर्माण कार्य की दिशा को लेकर असमंजस की स्थिति बन गयी है.

जानकारी के अनुसार, जिला परिषद ने 15 हेल्थ सब सेंटर, भवन प्रमंडल ने 12 और विशेष प्रमंडल ने सभी 27 हेल्थ सब सेंटरों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया. तीनों विभागों ने अलग-अलग फंडिंग स्रोतों से यह प्रक्रिया अपनायी. जिला परिषद ने 15 वें वित्त आयोग, भवन प्रमंडल ने डीएमएफटी और विशेष प्रमंडल ने पीएमएबीएचआईएम योजना के तहत टेंडर निकाले. टेंडर प्रक्रिया में तेजी दिखाते हुए जिला परिषद ने आठ योजनाओं का एग्रीमेंट भी कर लिया है, जबकि भवन प्रमंडल ने 12 योजनाओं पर एग्रीमेंट कर लिया है. वहीं विशेष प्रमंडल की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है. ऐसे में एक ही योजना पर अलग-अलग विभागों के दावे ने प्रशासनिक समन्वय की कमी को उजागर कर दिया है. मामला अब जिला प्रशासन के पास पहुंच गया है, जहां यह तय किया जाएगा कि किस विभाग को किस योजना का कार्यभार दिया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, सभी विभागों द्वारा प्रस्तावित योजनाओं की प्राक्कलित राशि भी लगभग समान है, जिससे भ्रम की स्थिति और बढ़ गयी है. टेंडर जारी करने की समय-सीमा भी इस विवाद का एक कारण बनी है. जिला परिषद ने सबसे पहले नवंबर 2025 में टेंडर निकाला था, जबकि भवन प्रमंडल ने 26 मार्च 2026 और विशेष प्रमंडल ने 16 अप्रैल 2026 को टेंडर जारी किया. समयांतराल के बावजूद आपसी समन्वय न होने से अब योजनाएं फंसती नजर आ रही हैं. विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गयी, पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया.

जिन हेल्थ सब सेंटरों के लिए निकला टेंडर (प्रत्येक की लागत 55.50 लाख रुपये)

जंगलपुर (गोविंदपुर), पथुरिया (गोविंदपुर), पंडुकी (गोविंदपुर), बागसुमा (बलियापुर), बिरशिंगपुर (बलियापुर), पलानी (बलियापुर), परसबनिया (बलियापुर), केडिया (टुंडी), लुकिया (टुंडी), भुरकुंडा (निरसा), कालीमाटी (निरसा), आसनलिया (निरसा) सहित 27 हेल्थ सब सेंटर है.

बोले अधिकारी

जिला प्रशासन से जो सूची मिली थी, उसके आधार पर टेंडर निकाला गया. कुल 27 हेल्थ सब सेंटर बनना है. इसमें 15 जिला परिषद ने टेंडर निकाला. शेष 12 हेल्थ सब सेंटर के लिए भवन प्रमंडल की ओर से डीएमटी फंड से टेंडर निकाला गया. इसके बाद विशेष प्रमंडल ने सभी 27 हेल्थ सब सेंटर का टेंडर निकाला है. भवन प्रमंडल ने 12 हेल्थ सब सेंटर निर्माण के लिए संवेदक से एग्रीमेंट भी कर लिया है. मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गयी है. जिला प्रशासन के स्तर से मामले को शॉट आउट किया जा रहा है.

चंदन कुमार, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल.

———

27 में 15 हेल्थ सब सेंटर के लिए जिला परिषद ने नवंबर में टेंडर निकाला है. जिला प्रशासन की ओर से जो सूची उपलब्ध करायी गयी थी, उसके आधार पर 15 वें वित्त आयोग के फंड से टेंडर निकाला गया था. आठ योजना का एग्रीमेंट भी हो चुका है. शेष योजनाओं का एग्रीमेंट भी जल्द कर लिया जायेगा. आखिर एक ही योजना के लिए अलग-अलग विभाग टेंडर निकालना समझ से परे हैं. मामले की जानकारी जिला परिषद के सीइओ सह डीडीसी को दे दी गयी है.

संजय दास, जिला अभियंता, जिला परिषद.

The post Dhanbad News: तीन विभागों के टेंडर से उलझा हेल्थ सब सेंटर निर्माण, परियोजनाओं पर खींचतान appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles