Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

Giridih News : नौ नामजद समेत 200 अज्ञात पर प्राथमिकी

Giridih News : नौ नामजद समेत 200 अज्ञात पर प्राथमिकी

Giridih News : गिरिडीह. मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कबरीबाद में बुधवार को पुलिस बल पर पथराव किये जाने के मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया गया है. गिरिडीह के कार्यपालक दंडाधिकारी विनोद कुमार सिंह ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार इस मामले में नौ लोगों को नामजद किया गया है. जबकि लगभग 200 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. नामजद आरोपितों में मिंसू मंडल, सौरव कुमार, राकेश वर्मा, संजय मंडल, जो खुद को जनता जागरूकता संघ का सदस्य बताते शामिल हैं. इनके अलावा खंडीहा निवासी प्रदीप दास, टिकू दास, बबलू दास, डबलू दास और विनोद राय को भी आरोपित किया गया है. मुफस्सिल थाना कांड (संख्या 112/26) के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 126(2), 115(2), 132, 121, 117(2), 324(3), 352, 292, 293, 125(a), 125(b) एवं 109 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी में बताया गया है कि पांच मई की रात कबरीबाद क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों व सीसीएल सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़प में खंडीहा निवासी दिलीप दास (26) की मौत हो गयी थी. इसके बाद उत्पन्न विधि-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित करने और शांति बहाल करने के लिए छह मई बुधवार को प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को कबरीबाद क्षेत्र में प्रतिनियुक्त किया गया था. जब अधिकारी कबरीबाद खान प्रबंधक कार्यालय के पास पहुंचे, तो पाया कि मृतक के परिजन और करीब 150-200 ग्रामीण बिना पोस्टमार्टम कराए शव को जबरन सदर अस्पताल से निकालकर वहां ले आये थे और धरना-प्रदर्शन व नारेबाजी कर रहे थे. अधिकारियों के समझाने के बाद भी भीड़ शांत नहीं हुई. इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने भड़काऊ बयानबाजी शुरू कर दी, जिससे माहौल और उग्र हो गया. आरोप है कि नामजद अभियुक्तों के उकसावे पर भीड़ ने पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों से धक्का-मुक्की की और बाद में पथराव शुरू कर दिया. उग्र भीड़ ने कबरीबाद सीपी साइडिंग चेक पोस्ट में जमकर तोड़फोड़ की, जिसमें सीसीटीवी कैमरा, कंप्यूटर, शीशे समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गये. पुलिस द्वारा स्थिति संभालने के प्रयास के दौरान भीड़ ने पुलिस बल को भी निशाना बनाया. पथराव की इस घटना में साइबर डीएसपी आबिद खान, नगर थाना के एसआई विक्रम कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भी भेजा गया था. हालात बिगड़ते देख प्रशासन को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा.

सोशल मीडिया पर वीडियो व रील वायरल कर मामला भड़काया :

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो और रील बनाकर लोगों को भड़काया गया तथा शव को स्ट्रेचर सहित करीब सात से आठ किमी तक घसीटते हुए कबरीबाद खान प्रबंधक कार्यालय तक लाया गया. इससे शहर के मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. इसके अलावा बनियाडीह-बरवाडीह मार्ग को भी कुछ समय के लिए जाम कर दिया गया था.

मृतक दिलीप दास के परिजनों से मिले मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा :

सीसीएल के कबरीबाद माइंस में हुई हिंसक झड़प में मारे गये खंडीहा निवासी दिलीप दास के परिजनों से शुक्रवार को राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू शुक्रवार को मिला. मंत्री ने शोकाकुल परिवार को ढाढ़स बंधाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और घटना की निष्पक्ष जांच करायी जायेगी. दोषी चाहे जो भी हों, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. मंत्री ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए तत्काल आर्थिक मदद भी दी. उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और आगे भी आवश्यक सहयोग दिया जायेगा. बता दें कि मंगलवार को कबरीबाद माइंस के क्रशर के पास सीसीएल के सुरक्षा कर्मियों व स्थानीय लोगों में झड़प हो गयी थी. इस दौरान दिलीप दास की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि करीब आठ सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गये थे. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था. वहीं, बुधवार को घटना के विरोध में उतरे ग्रामीणों और पुलिस के बीच भी झड़प हुई थी, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गयी थी.

The post Giridih News : नौ नामजद समेत 200 अज्ञात पर प्राथमिकी appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles