![]()
सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के कुम्हारा विशनपुर गांव में मंगलवार को आठ वर्षीय बच्चे का शव जेसीबी से खोदे गए एक गड्ढे से बरामद हुआ। बच्चे की पहचान गांव निवासी कालिचरण मंडल के पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बच्चे की हत्या कर शव गड्ढे में फेंके जाने की आशंका जताई है, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार, आदित्य सोमवार शाम करीब तीन से चार बजे स्कूल से घर लौटा था। इसके बाद शाम लगभग पांच बजे वह अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बता दें गड्ढा जमीन मालिक ने मिट्टी निकालने के लिए JCB से गड्ढा कराया था। मौके पर घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुटी मंगलवार को भी उसकी तलाश जारी रही। इसी दौरान शाम करीब तीन बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर जेसीबी से खोदे गए एक गड्ढे में आदित्य का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आदित्य चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और गांव के एक निजी स्कूल में कक्षा एक का छात्र था। उसके पिता कालिचरण मंडल बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। बच्चे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है। मौत का कारण फिलहाल साफ़ नहीं डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को गड्ढे से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास से जानकारी जुटाने के साथ ही बच्चे के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी कड़ी खंगाल रही है।

