नालंदा जिले में नूरसराय प्रखंड के दहपर हाई स्कूल कैंपस में आज(1 जून 2026) से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो गया है। सोमवार की अहले सुबह इस पावन अनुष्ठान की शुरुआत एक विशाल कलश यात्रा के साथ हुई।
.
मगड़ा स्थित श्री शीतला माता मंदिर से सुबह 6 बजे आरंभ हुई मंगल कलश यात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे भक्ति-भाव और उत्साह के साथ 1001 माताओं और बहनों ने अपने सिर पर कलश धारण कर कथा स्थल तक पदयात्रा की। जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण गुंजायमान और भक्तिमय हो गया।
हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
श्रद्धा वृंदावन से पधारे कथा व्यास श्याम शुभम महाराज ने बताया कि यह संगीतमय भागवत कथा जून तक अनवरत चलेगी। सुबह के सत्र में 6 बजे से 10 बजे तक कलश यात्रा का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद, प्रतिदिन संध्या 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालुओं को संगीतमय भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। इस दिव्य धार्मिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का भरपूर और सुंदर सहयोग मिल रहा है।
8 जून को विशाल भंडारा
चौर बिगहा निवासी आयोजक परविंदर इंटरप्राइजेज के निदेशक अरविंद कुमार सिन्हा ने बताया कि इस महायज्ञ में केवल एक गांव नहीं, बल्कि पूरे नूरसराय प्रखंड के लोग पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। इस ज्ञान यज्ञ में उनका केवल सहयोग है, जबकि इसकी पूरी कमान और देखरेख ग्रामीणों के हाथों में है।
यह कथा किसी व्यक्ति विशेष या उनकी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज और ग्रामवासियों की है। उन्होंने जनता से इसे अपना यज्ञ मानकर इसमें बढ़-चढ़कर समर्थन और भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सात दिनों तक चलने वाले इस ज्ञान यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद 8 जून को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था होगी।


