रांची36 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

15 साल पहले सदर थाना भवन बनाने के लिए अधिग्रहित की गई थी जमीन
रांची नगर निगम के बांधगाड़ी स्थित जोनल कार्यालय व आरोग्य मंदिर पर पुलिस ने कब्जा कर लिया। पुलिस टीम शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे आठ गाड़ियों में पहुंची। निगमकर्मियों को तत्काल सामान हटाने को कहा। विरोध करने पर पुलिस ने दो-टूक कहा कि यह जमीन थाना बनाने के लिए आवंटित की गई थी। निगम ने इस पर जबरन कब्जा किया है।
अब हर हाल में खाली करना होगा। हालांकि निगमकर्मी नहीं हटे और काम करते रहे।शाम में कंप्यूटर सहित अन्य सामग्री को एक कमरे में रखकर ताला जड़ दिया। वहीं पुलिसकर्मियों ने अपना सामान कार्यालय में रख दिया। फिर बड़गाईं सीओ और अमीन की उपस्थिति में जमीन की मापी कराकर पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान सिटी एसपी, सार्जेंट मेजर, सदर थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। -शेष पेज 12 पर
विवाद क्या…अधिग्रहण के बाद पुलिस ने कब्जा नहीं लिया, फिर निगम ने वहां बना लिया ऑफिस
बड़गाईं अंचल के रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2011 में 95 डिसमिल जमीन का अधिग्रहण सदर थाना बनाने के लिए किया गया था। लेकिन थाने ने उस समय जमीन पर कब्जा नहीं लिया। काफी समय तक जमीन खाली पड़ी रही। वर्ष 2013 में राज्य सरकार ने एक आदेश निकाला कि खाली पड़ी जमीन नगर निकायों को हस्तांतरित होगी। इसी आधार पर निगम ने जमीन को अपने कब्जे में ले लिया और वहां ऑफिस खोल दिया। हालांकि इसके लिए पुलिस विभाग से सहमति नहीं ली गई। अब दोनों ही इस जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं। अब सोमवार को जमीन के दस्तावेज की जांच होगी। उसके बाद ही पता चलेगा कि जमीन का असली मालिक कौन है।

