![]()
औरंगाबाद जिले में वासभूमिहीन परिवारों को गृहस्थल उपलब्ध कराने के लिए अभियान बसेरा के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिले की सभी पंचायतों में 22 से 28 सितंबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को इसी अभियान को लेकर समाहरणालय के सभा कक्ष में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह की अध्यक्षता में पीसी की गई। अपर समाहर्ता ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर अभियान बसेरा के तहत जिले में ऐसे परिवारों को चिह्नित किया जा रहा है, जिनके पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है। संबंधित पात्र परिवारों को नियमानुसार सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। पंचायत सरकार भवनों में आयोजित विशेष शिविर में राजस्व कर्मचारी और संबंधित कर्मी मौजूद रहकर वासभूमिहीन परिवारों से आवेदन प्राप्त कर रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र लोगों को अपनी पंचायत में ही आवेदन करने की सुविधा मिल सके और उन्हें भूमि संबंधी आवेदन के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। आवेदन के बाद होगी जांच, पात्र पाए जाने पर मिलेगी वासभूमि अपर समाहर्ता ने बताया कि विशेष शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है। इसके बाद आवेदनों की जांच और स्थल सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले परिवारों को नियमानुसार सरकारी भूमि की बंदोबस्ती कर वासभूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान बसेरा के तहत आवेदन की सुविधा केवल पंचायत स्तर पर ही नहीं, बल्कि जिले के सभी अंचल कार्यालयों में भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक वासभूमिहीन परिवार अपने संबंधित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर या संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। अपर समाहर्ता ने बताया कि पूर्व में भी अभियान के माध्यम से जिले के बड़ी संख्या में वासभूमिहीन परिवारों को लाभ दिया गया है।
पटना जाने की जरूरत नहीं, आवेदन के बाद पावती लेना जरूरी अपर समाहर्ता ने आमलोगों से अपील करते हुए कहा कि अभियान बसेरा के तहत आवेदन करने के लिए किसी भी आवेदक को पटना स्थित राज्य मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। जानकारी के अभाव में कुछ लोग आवेदन करने के लिए पटना चले गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन संबंधित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर या संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा किया जाना है। उन्होंने कहा कि आवेदन जमा करने के बाद आवेदक को पावती अनिवार्य रूप से प्राप्त करनी चाहिए। पावती में आवेदन से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज रहेगा, जिससे भविष्य में आवेदन की स्थिति और कार्रवाई से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। प्रशासन ने पात्र एवं वासभूमिहीन परिवारों से अपील की है कि वे 28 सितंबर तक अपने संबंधित पंचायत सरकार भवन में आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर आवेदन जमा करें और अभियान बसेरा का लाभ उठाएं।
औरंगाबाद में भूमिहीन परिवारों से लिए जा रहे आवेदन:28 सितंबर तक चलेगा शिविर, पंचायत में ही आवेदन की सुविधा
