![]()
थाना प्रभारी ने डीसी को पत्र भेज अवैध खनन व क्रशर संचालन पर कार्रवाई नहीं होने की बात कही
दलमा वन्यजीव अभयारण्य के ईको सेंसेटिव जोन में अवैध पत्थर खनन और क्रशर संचालन पर कार्रवाई को लेकर पुलिस, वन विभाग और खनन विभाग के बीच जिम्मेदारी को लेकर खींचतान हो रही है। पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोक्ता ने डीसी राजीव रंजन को पत्र भेजकर अवैध खनन और क्रशर संचालन की बार-बार सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात कही है। पत्र में वन विभाग, खनन विभाग और अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी साथ मौजूद नहीं हों तो पुलिस अकेले क्रशर या अवैध खनन स्थल पर जब्ती की कार्रवाई नहीं कर सकती। डीएफओ सबा आलम ने रेंजर का पद रिक्त होने की बात कही है। दलमा वन्यजीव अभयारण्य के ईको-सेंसिटिव जोन के पटमदा-बोड़ाम इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध पत्थर खनन हो रहा है। लावा पंचायत के सिसदा इलाके में पोकलेन और हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर से पहाड़ियों को काटकर पत्थर निकाला जा रहा है। गाड़ीग्राम में अवैध पत्थर खनन के साथ क्रशर का संचालन हो रहा है। पटमदा के ठनठनी घाटी के आसपास खनन से निकाले गए पत्थर रात में ट्रैक्टर से गाड़ीग्राम के क्रशर तक पहुंचाए जा रहे हैं। दलमा के जंगल वाले हिस्से में मजदूरों की मदद से भी पत्थर निकाला जा रहा है और रात में इसे क्रशर तक पहुंचाया जा रहा है। कार्रवाई पर तीन विभाग आमने-सामने
पुलिस… संबंधित विभाग साथ हो तो होगी कार्रवाई
पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोक्ता ने कहा – पुलिस अकेले खनन माफिया के खिलाफ सीधी कार्रवाई नहीं कर सकती। जब तक खनन, वन या राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी साथ मौजूद नहीं हों, पुलिस स्वतंत्र रूप से अवैध खनन स्थल पर जब्ती और कार्रवाई नहीं कर सकती। इसी वजह से डीसी समेत सभी आला अधिकारियों को पत्र भेजकर कार्रवाई का आग्रह किया गया है। वन विभाग… रेंजर का पद रिक्त, फिर भी होगी कार्रवाई
डीएफओ सबा आलम ने बताया कि थाना प्रभारी की ओर से लिखा गया पत्र उन्हें मिला है। फिलहाल रेंजर का पद रिक्त है। इस तरह की कार्रवाई रेंजर स्तर के अधिकारी करते हैं। इसके बावजूद ईको सेंसेटिव जोन में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निचले स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। खनन विभाग… थाना प्रभारी को प्राथमिकी का अधिकार
डीएमओ सतीश कुमार नायक ने कहा – बीएनएसएस में अवैध खनन का मामला संज्ञान में आते ही संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का पूर्ण अधिकार है और उन्हें यह कार्रवाई करनी ही चाहिए। पटमदा में अवैध खनन की सूचनाएं मिली हैं। छापेमारी की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जल्द एसडीओ के नेतृत्व में जिला टास्क फोर्स कार्रवाई करेगी। खेरूवा-धूसरा में अवैध रूप से पत्थर खनन और क्रशर संचालन की जानकारी है। थाना प्रभारी का पत्र अंचल कार्यालय को मिला है। संबंधित विभाग को जानकारी दी गई है। अभी एसआईआर-2026 में व्यस्त हैं, इस कारण छापेमारी की कार्रवाई नहीं की जा रही है। जल्द ही छापेमारी की कार्रवाई की जाएगी। – राजेंद्र कुमार दास, सीओ, पटमदा
पहाड़ कट रहे, क्रशर चल रहे:कार्रवाई पर विभाग एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी, दलमा के ईको सेंसेटिव जोन में पत्थर का हो रहा अवैध खनन
