सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी में एक आदिवासी युवती से पुलिस द्वारा मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। युवती को एक लापता सहेली के संबंध में पूछताछ के लिए सोमवार को बुलाया गया था। चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी अल्पना माहली को उसकी लापता सहेली के संबंध में पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाया गया था। अल्पना ने आरोप लगाया है कि ओपी परिसर में एक बंद कमरे के अंदर लगभग तीन घंटे तक उसकी पिटाई की गई। युवती की तबीयत बिगड़ गई
अल्पना माहली का यह भी कहना है कि मारपीट में पुरुष पुलिसकर्मी भी शामिल थे। घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों और आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, वरीय पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन से भी इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़िता को न्याय दिलाने की अपील की जा रही है। एक लड़की पिछले एक हफ्ते से लापता है, जो अल्पना की सहेली है। इस सिलसिले में पूछताछ के लिए अल्पना को थाने पर बुलाया गया था। मैं वहां से चला गया था। इसके बाद लड़की के साथ क्या घटना घटी यह मुझे भी नहीं मालूम। इसकी जांच करके जो भी दोषी होंगे उस पर कार्रवाई की जाएगी। -धीरंजन कुमार, कपाली थाना के प्रभारी, सरायकेला खरसावां


