![]()
मुजफ्फरपुर में कोरोबारी श्याम कुमार कुशवाहा की हत्या हुई थी। मामले में पुलिस ने 2 को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि शनिवार सुबह डेरा चौक स्थित मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने श्याम कुमार कुशवाहा पर फायरिंग कर दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के बेटे के बयान पर सिवाईपट्टी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण में उनके नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। मामला सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र का है। सीसीटीवी के आधार पर छापेमारी अलय वत्स ने बताया कि गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इसी दौरान सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के रहने वाले अविनाश कुमार और सनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की है। एसडीपीओ ने बताया कि अनुसंधान में यह स्पष्ट हुआ है कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद और अन्य कारणों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई और मंदिर के पास मौका देखकर व्यवसायी को गोली मार दी गई।
घटनास्थल से मिले तीन खोखे उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा रहा है। एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अविनाश कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सिवाईपट्टी थाना में लूट, धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सीतामढ़ी जिले के राजेपुर थाना में भी विभिन्न धाराओं के तहत उसके विरुद्ध आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसडीपीओ अलय वत्स ने बताया कि जल्द ही इस मामले में फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे कांड का उद्भेदन कर दिया जाएगा।


