Top 5 This Week

Related Posts

केंदुआडीह भू-धंसान क्षेत्र में पहुंची 'न्याय रथ' टीम:प्रभावितों को पुनर्वास और कानूनी सहायता का आश्वासन


धनबाद के केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-धंसान और जहरीली गैसों के रिसाव से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की ‘न्याय रथ’ टीम शनिवार को क्षेत्र में पहुंची। टीम ने हालात का जायजा लिया और प्रभावितों को कानूनी सहायता का आश्वासन दिया। डालसा की विशेष टीम ने भू-धंसान और गैस प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। इस टीम का नेतृत्व अवर न्यायाधीश सह सचिव मयंक तुषार टोपनो कर रहे थे। उनके साथ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ कुमार विमलेंदु और डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट सहित अन्य सदस्य भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्हें उपलब्ध कानूनी सहायता, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति सचेत किया गया। डालसा टीम ने प्रभावितों को हर संभव कानूनी मदद का भरोसा दिलाया। पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। टीम द्वारा मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन को सौंपी जाएगी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा निकेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर गठित यह विशेष टीम आगे भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करती रहेगी। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने में मदद करना है। डालसा की इस पहल से प्रभावित लोगों में उम्मीद जगी है कि भू-धंसान और गैस रिसाव की समस्या का जल्द ही कोई ठोस समाधान निकल सकेगा।

Spread the love

Popular Articles