![]()
गुमला जिले में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा नवडीहा पेट्रोल पंप के पास हुआ। अज्ञात ट्रक ने स्कूटी सवार राज लोहरा और दुर्गेश ठाकुर को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। राज लोहरा घाघरा के रहने वाले थे, जबकि दुर्गेश टांगर सिकवार के निवासी थे। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवक घाघरा से नवडीहा जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। फरार चालक और ट्रक की तलाश की जा रही है। दोनों युवकों की शादी थी तय हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवकों की शादी तय हो चुकी थी। दुर्गेश ठाकुर का छेका कार्यक्रम 24 अक्टूबर को होना था। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि दुर्घटना में शामिल ट्रक बॉक्साइट ढोने वाला वाहन था। उनका कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हालांकि, ट्रक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बॉक्साइट ट्रकों की जांच की मांग ग्रामीणों ने उपायुक्त से बॉक्साइट ट्रकों की नियमित जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल दोपहिया वाहन चालकों की हेलमेट जांच से सड़क हादसों पर अंकुश नहीं लगेगा। भारी वाहनों के कागजात, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और नशे की हालत में वाहन चलाने की जांच भी नियमित होनी चाहिए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में कुछ चालक नशे की हालत में ट्रक चलाते हैं। साथ ही, खलासियों द्वारा ट्रक चलाने की भी शिकायत की। उन्होंने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस फिलहाल हादसे की जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
गुमला में ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को रौंदा:दोनों की तय हुई थी शादी, एक का होना था छेका; हादसे के बाद चालक फरार
