![]()
सीतामढ़ी के चोरौत थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में दो भाई घायल हो गए। यह घटना चोरौत-पुपरी मुख्य पथ पर चोरौत मस्जिद के पास हुई। घायलों की पहचान अमनपुर गांव निवासी कौशल किशोर ठाकुर के पुत्र चंद्रमोहन ठाकुर और कृष्ण मोहन ठाकुर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंद्रमोहन ठाकुर और कृष्ण मोहन ठाकुर अपनी बाइक से घर से चोरौत जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एक अन्य बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे चंद्रमोहन ठाकुर को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके साथ बैठे भाई कृष्ण मोहन ठाकुर भी घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायल युवकों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया और उनके परिजनों को सूचना दी। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार ने दोनों घायलों का उपचार शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद कृष्ण मोहन ठाकुर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चंद्रमोहन ठाकुर का इलाज जारी था।

