![]()
जमुई में सिकंदरा थाना पुलिस ने शनिवार रात अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन देसी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। यह कार्रवाई रोको-टोको अभियान और एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी के दौरान की गई। पहली कार्रवाई बालडा मोड़ के पास वाहन जांच अभियान के दौरान हुई। पुलिस ने बाइक सवार मानपुर निवासी छोटन यादव को रोका। जांच में वह शराब के नशे में पाया गया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… तलाशी लेने पर उसके पास से दो देसी कट्टे, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और उसकी बाइक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। थाना से लगभग 500 मीटर दूर छापेमारी दूसरी कार्रवाई में सिकंदरा थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने थाना से लगभग 500 मीटर दूर पचमहुआ गांव में छापेमारी की। इस दौरान बाल्मिकी यादव के पुत्र सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा और .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। झाझा थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस बरामद हथियारों के स्रोत, उनके संभावित उपयोग और किसी आपराधिक नेटवर्क से उनके संबंध की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। रोको-टोको अभियान में अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, एसआई पीयूष कुमार, हेमा कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

