![]()
जहानाबाद में मोरहर नदी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सोमवार शाम एक बुजुर्ग व्यक्ति की नहर में डूबने से मौत हो गई। यह घटना मुस्तीचक से जगन बीघा को जोड़ने वाले पुल पर हुई। जानकारी के अनुसार, मुस्तीचक निवासी राम सृष्टि यादव (बुजुर्ग) दूसरे गांव में भोज खाने जा रहे थे। पुल पर पानी चढ़ जाने के कारण वह फिसलन भरा हो गया था। पुल पार करते समय उनका पैर फिसल गया और वे पानी में गिर गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण वे डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग को पानी से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर सुनील कुमार राय ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में दुख छा गया। झुनाठी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने शव को अपने पास लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी जानकारी मिल पाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के बावजूद पानी में डूबे पुलों पर सुरक्षा की जानकारी नहीं होने से ऐसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे रास्तों पर सुरक्षा के इंतजाम करने और लोगों को सावधान करने की मांग की है।
जहानाबाद में नहर में डूबने से बुजुर्ग की मौत:पुल पार करते समय पैर फिसला, पानी बहने से हादसा

