बोकारो | बोकारो। प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और जैव-विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से बोकारो स्टील प्लांट के जेएनबी पार्क में वन्यजीव सप्ताह ‘आरण्यक’ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बीएसएल के अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) और बोकारो के प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) ने संयुक्त रूप से किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और आगंतुकों के लिए वन्यजीव जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें वन्यजीव संरक्षण, जैव-विविधता, पारिस्थितिक संतुलन और प्राकृतिक आवास बचाने के महत्व की जानकारी दी गई। बच्चों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के साथ प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन के तहत वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी ज्ञानवर्धक, रचनात्मक और सहभागितापूर्ण गतिविधियां कराई जा रही हैं। प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए वन्यजीवों के व्यवहार, संरक्षण और प्राकृतिक आवास के महत्व को सरल तरीके से समझाया जा रहा है। खासतौर पर युवाओं में प्रकृति और जैव-विविधता के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने पर जोर है।
