दुमका | मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (एमयूजेवाई) के तहत दुमका जिले के दूरस्थ एवं बिजली से वंचित गांवों, टोलों तथा मुहल्लों में विद्युतीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दुमका के कार्यपालक अभियंता अमिताभ बच्चन सोरेन ने मंगलवार को बताया कि इस योजना के तहत जिले के 190 चिन्हित गांवों में विद्युतीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें से अब तक 133 गांवों में यह कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि योजना के तहत अब तक 1025 घरों में बिजली मीटर लगाकर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है, जिससे ग्रामीण परिवारों को बिजली की सुविधा मिलने लगी है। उन्होंने बताया कि बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर 108 नए ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा विद्युत वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए 130 किलोमीटर एलटी केबल तथा 26 सर्किट किलोमीटर एचटी रैबिट वायर बिछाने का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। कार्यपालक अभियंता अमिताभ बच्चन सोरेन ने कहा कि शेष बचे कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए काम किया जा रहा है।
