किशनगंज| शहर के पश्चिमपाली में राइस मिल के निकट बाउंड्री से घिरे जंगलनुमा परिसर में कथित तौर पर अवैध इलाज और आयुर्वेदिक दवाओं की बिक्री का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर राजीव कुमार रंजन जांच के लिए मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, परिसर के भीतर जंगल के बीच अस्पताल जैसी व्यवस्था बनाकर गुपचुप तरीके से मरीजों का इलाज करने और आयुर्वेदिक दवाएं बेचने की बात सामने आई थी। हालांकि, ड्रग इंस्पेक्टर के पहुंचने से पहले ही कथित डॉक्टर दवाएं लेकर फरार हो गया। मौके पर संचालक नहीं मिला, लेकिन परिसर में दवाओं से भरा एक बोरा बरामद हुआ, जिसे ड्रग इंस्पेक्टर अपने साथ ले गए। अब दवाओं की प्रकृति, बिक्री और कथित इलाज की जांच की जाएगी। संबंधित व्यक्ति के पास इलाज करने की वैध अनुमति थी या नहीं, इसकी पुष्टि भी जांच के बाद होगी।
