
कोलकाता से अमर शक्ति प्रसाद की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के लिए मुफ्त सरकारी बस यात्रा को और अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है. अब राज्य की सरकारी बसों में ‘पिंक सीट’ की व्यवस्था की जायेगी, जो केवल महिला यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी.
इन सुविधाओं की हो चुकी है घोषणा
सरकार महिलाओं के लिए ‘पिंक कार्ड’ लाने की घोषणा कर चुकी है. इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महानगर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा शुरू की गयी और अब इस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पिंक कार्ड और पिंक सीट जैसी सुविधाएं लागू की जा रही हैं.
इन महिलाओं के लिए बनेगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि कई महिलाएं आर्थिक रूप से सक्षम होने के कारण मुफ्त यात्रा का लाभ नहीं लेना चाहतीं और नियमित किराया देकर यात्रा करना पसंद करती हैं. ऐसे मामलों में यात्रियों और बस परिचालकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है. इसे समाप्त करने के लिए सरकार अलग वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर रही है.
जल्द दूर होंगी ये शिकायतें
सरकार के पास ऐसी शिकायतें भी पहुंची हैं कि कुछ बसें महिला यात्रियों को देखकर निर्धारित स्टॉप पर नहीं रुकतीं, क्योंकि महिलाओं को टिकट जारी नहीं किया जाता. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी समस्याओं को दूर करने के लिए नयी व्यवस्था लागू की जायेगी, ताकि किसी भी महिला यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जल्द लागू होगा जीरो वैल्यू टिकट सिस्टम
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि महिलाओं के लिए जल्द ही जीरो वैल्यू टिकट आधारित पिंक कार्ड प्रणाली शुरू की जायेगी. वहीं, जो महिलाएं किराया देकर यात्रा करना चाहेंगी, उनके लिए भी अलग भुगतान व्यवस्था उपलब्ध करायी जायेगी. सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र

