![]()
दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस और कांके पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे सुहाना सिटी स्थित मुख्य आरोपी समीर अंसारी के आवास पर छापेमारी की गई। पुलिस ने घर से चोरी के दो थार वाहन, चार मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की। हालांकि, समीर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड और पहचान पत्र के सहारे ट्रैवल एजेंसियों से वाहन किराये पर लेते थे और फिर गायब हो जाते थे। पिछले करीब आठ महीनों से इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। बाद में वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेच दिया जाता था या कबाड़ में खपा दिया जाता था। दिल्ली पुलिस ने गिरोह तक पहुंचने के लिए जीपीएस लगे वाहन को ट्रैवल एजेंसी से किराए पर लगवाया था। गिरोह के सदस्य वाहन लेकर कांके पहुंचे, जिसके बाद जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, समीर घर के पिछले दरवाजे से निकलकर धान के खेत की ओर भाग गया। घर से एक कथित फर्जी पासपोर्ट भी बरामद हुआ है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की जांच कर रही है।
फर्जी आधार पर ट्रैवल एजेंसी से किराए पर लेते थे वाहन, फिर कर देते थे गायब
